बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
ग्राम पंचायत सकरी में 24 अप्रैल को पंचायती राज व्यवस्था के संबंध में आयोजित ग्राम सभा के दौरान अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं सांख्यिकी योजना के उपसंचालक पायल पांडेय एवं सांख्यिकी अधिकारी हरबंस कोसले द्वारा जनगणना के संबंध में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में जनगणना से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा की गईं। अधिकारियों द्वारा आगे बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व तथा सही जानकारी देने के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनगणना से संबंधित पंपलेट और सूचना पत्र वितरित किए। उपस्थित लोगों को बताया गया कि जनगणना एक राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक स्थिति, शिक्षा स्तर, रोजगार एवं आवास संबंधी जानकारी एकत्र की जाती है। यह जानकारी सरकार को विभिन्न विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में सहायक होती है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि जब भी जनगणना कर्मचारी उनके घर आएं, तो वे सही और पूर्ण जानकारी दें, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच सके। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। सही आंकड़ों के आधार पर ही गांवों में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास संभव हो पाता है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी जनगणना से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा विस्तार से किया गया। कई ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं और वे अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग होते हैं। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। विशेष ग्राम सभा बैठक के दौरान सरपंच हरीश कुमार फेकर पंचायत सचिव हरिकिशन वर्मा उपसरपंच धनेश वर्मा पूर्व उपसरपंच ओंकार साहू पंच ललिता चित्रलेखा कविता देवकी साहू भारती वर्मा काशीराम साहू करण साहू रामगोपाल साहू सहित ग्रामीण जन उपस्थित थे











