बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
ग्राम कोरदा में कोमल प्रसाद वर्मा, भाई महावीर वर्मा एवं मोरध्वज के यहां आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन 12 मार्च से प्रारंभ होकर जो 19 मार्च 2026 तक चलेगा। उक्त कार्यक्रम का कथा स्थल सरखोर में स्थित मोरध्वज वर्मा के घर पास चलेगा। कथा समय सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा जो दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से शाम तक चलेगा। कथा वाचक पंडित गौरव जोशी नगोई बिलासपुर वाले रहेंगे। कथा प्रारंभ 12 मार्च को कलश यात्रा के साथ प्रारंभ किया गया। कथा में परीक्षित जन्म, वाराह अवतार, ध्रुव चरित्र, प्रहलाद चरित्र, सूर्यवंश वर्णन, कृष्ण जन्मोत्सव, कृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा, रूखमणी विवाह, सुदामा चरित्र की कथा, उद्वव संवाद, चढ़ौत्री, तुलसी वर्षा, हवन, सहस्त्रधारा के साथ समापन होगा।
भागवत कथा प्रारंभ के पूर्व भव्य कलश यात्रा महावीर वर्मा पुत्र जोगेंद्र वर्मा के परिवारजनो एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों के द्वारा निकाली गई। कलश यात्रा घर से प्रारंभ होकर प्रमुख चौक, चौराहा से होकर मंदिर पहुंची। जिसके बाद भागवत की पूजा-अर्चना कर पूजन के बाद कलश की स्थापना की गई। इस मौके पर कथा वाचक पंडित गौरव जोशी नगोई बिलासपुर वाले ने उपस्थित श्रद्वालुओं को श्रीमद् भागवत महापुराण की जानकारी देते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म ही नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापो का नाश होने के साथ ही शुभ कार्यो का उदय होता है। इसको सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बन्धन से मुक्त हो जाता है। उन्होने कहा कि भक्ति देवी के कष्ट की निवृत्ति के लिए श्रीमद् भागवत कथा का साप्ताहिक अनुष्ठान किया था। जहां संत कुमारों ने भागवत का प्रवचन करते हुए नारद के मन का संशय दूर किया। इसी कथा को धुंधकारी प्रेत ने अपने अग्रज से श्रवण किया और प्रेत योनि से मुक्ति पाकर विष्णु लोक को प्राप्त हुए। कथा वाचक पंडित गौरव जोशी ने कहा कि भागवत कथा श्रवण मात्र से जीव के सभी पाप कर्म मिट जाते है। अंत में ग्रामीणों ने सामूहिक आरती कर प्रसाद का वितरण किया। इस दौरान कोमल प्रसाद वर्मा, बिरज बाई वर्मा, महावीर वर्मा, बैसाखिन वर्मा, मोर ध्वज वर्मा, गुलाब बाई वर्मा, जोगेंद्र वर्मा, नन्द बाई वर्मा, रवि वर्मा, मृत्युंजय वर्मा, रज्जू वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।










