जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं जनसहभागिता को लेकर जिलेभर में आयोजित हुए कार्यक्रम
बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बलौदाबाजार वनमण्डल अंतर्गत विभिन्न वन परिक्षेत्रों एवं अभयारण्य क्षेत्रों में विविध जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगोष्ठी, शपथ ग्रहण, चित्रकला प्रतियोगिता, सीड बॉल निर्माण, पौधरोपण, जन-जागरूकता कार्यशालाओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार धम्मशील गणवीर ने कहा कि जैव विविधता केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, बल्कि हमारे जीवन और पर्यावरण संतुलन का आधार है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं और बच्चों को प्रकृति एवं जैव विविधता संरक्षण से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक समृद्ध और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।
बल्दाकछार परिक्षेत्र अंतर्गत वन परिवृत्त परसदा (ठाकुरदिया),वन परिक्षेत्र सोनाखान अंतर्गत वन परिवृत्त कोशमसरा में संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बीएमसी अध्यक्ष एवं सदस्य सरपंच, उपसरपंच, पंच, वन प्रबंधन समिति स्थानीय ग्रामीणों शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान प्राकृतिक संतुलन, वन्यजीवन, पेड़ों से होने वाले प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ, धार्मिक महत्व तथा ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई।
वन परिक्षेत्र बलौदाबाजार अंतर्गत धमनी में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस उत्साह एवं संगीतमय कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. एकता कर द्वारा उपस्थित लोगों को जैव विविधता संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में धमनी, सलोनी, खैरी एवं जोराडबरी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
वन परिक्षेत्र अर्जुनी अंतर्गत ग्राम अर्जुनी के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जैव विविधता विषयक चित्रकला प्रतियोगिता एवं सीड बॉल निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, वन प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं वनकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जैव विविधता संरक्षण के प्रति अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।
बारनवापारा अभयारण्य अंतर्गत ग्राम हरदी में जैव विविधता दिवस के अवसर पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जैव विविधता संरक्षण, सीड बॉल निर्माण तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व के संबंध में जागरूकता प्रदान की गई। कार्यक्रम में परिक्षेत्र अधिकारी बारनवापारा सुश्री रूपेश्वरी दीवान, परिक्षेत्र सहायक श्री गीतेश बंजारे, विभागीय स्टाफ, BMC सदस्य, वन प्रबंधन समिति सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसी प्रकार देवपुर नेचर कैंप में भी जैव विविधता संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर शपथ ग्रहण, सीड बॉल निर्माण एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षक बारनवापारा अभ्यारण्य श्री कृषानू चन्द्राकार, वन परिक्षेत्र अधिकारी देवपुर श्री संतोष पैंकरा, जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्ष-सदस्य, महिला समूह एवं विभागीय स्टाफ की सहभागिता रही।









