बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
नगर पंचायत लवन में स्थित एम्स लैंड पब्लिक स्कूल प्रांगण वार्ड क्र. 05 में चल रही सप्ताह व्यापी श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के पांचवे दिन चित्रोप्पला गंगा नदी किनारे साराडीह डभरा जिला सक्ती छ.ग. के कथा व्यास पंडित मनोज तिवारी ने भक्तों को गोवर्धन पूजा का महत्व बताया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। पंडित तिवारी ने कथा की शुरूआत माया के वर्णन से की, जिसे कृष्ण जन्म की सम्पूर्ण कथा से जोड़ा गया। कथा में पूतना वध, भगवान के नामकरण संस्कार और उनकी अन्य बाल लीलाओं का विस्तृत वर्णन किया गया। वृंदावन में भगवान कृष्ण द्वारा की गई लीलाओं में गोचरण, अघासुर वध, कालिया नांग पर नृत्य, प्रमुख थी। इसके उपरांत गोवर्धन पूजा का प्रसंग आया, जिसमें बताया गया कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी सबसे छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर मथुरा, गोकूल और वृंदावन के लोगों को घनघोर बारिश से बचाया था। भगवान ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत को धारण किया था। कथा के दौरान कथा वाचक पंडित तिवारी ने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने वालों का सदैव कल्याण होता है और मुक्ति मिलती है। इस अवसर पर आयोजक समिति राधे राधे महिला स्व सहायता समूह के सदस्य मुख्य यजमान में सावित्री साहू बबलू साहू, अनिता यादव होरी यादव, निर्मला साहू विजय साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं इत्यादि लोग रहे।











