बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
इन दिनों ओवरलोड रेत परिवहन से लवन से पैसर चंगोरी मार्ग तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। जिससे दो पहिया वाहन चालको को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर ओवरलोड डम्पर वाहन चलने से सड़कों की सामत निकल चुकी है, जिसके चलते दो पहिया वाहनों का सड़को पर चलना दूभर हो गया है। वही, ओवरलोड रेत परिवहन से सड़क में गहरे गढ्ढे होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। सड़कों पर इन दिनों बेखौफ होकर डंपरों से अवैध परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। हालांकि कुछ वाहन चालकों के द्वारा रायल्टी पर्ची रखी हुई होती है, लेकिन अधिकांश वाहन चालकों के पास रायल्टी नहीं होती है, ऊपर से बिना तिरपाल ढके ओवरलोड परिवहन करते है। जिससे सड़क पर पीछे चल रहे लोगों को उड़ती डस्ट का सामना करना पड़ रहा है। वही, खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं किये जाने की वजह से खनन माफिया मनमर्जी से रेत का परिवहन खुलेआम बेखौफ रूप से कर रहे है। एक ट्रीप में 1000 से 1200 फीट तक रेत भरकर लाने के लिए उन्होंने डंपर का आकार भी उतना ही करवा लिया है। यह सभी डम्पर रात के समय नदी घाट से होकर लवन की सड़क से होकर निकलती है। सुबह 9 बजे तक डम्परों की लाइन लगी होती है, जिसके बाद एक-एक करके पूरे 24 घण्टे तक निकलते रहते है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार खनिज विभाग के अधिकारी कोई कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे है। ऐसा नहीं है कि जिले के जिम्मेदारों को इसकी जानकारी नहीं है, जानकारी होने के बावजूद अधिकारी-कर्मचारी आंख मूंदकर बैठे हुए है, जिसके चलते धड़ल्ले से ओवरलोड का खेल चल रहा है। इस ओवरलोड वाहनों के खेल में लवन से सिरियाडीह पहुंचमार्ग सड़क की हालत काफी दयनीय हो गई है। जगह-जगह पर खतरनाक गढ्ढे निर्मित हो गए है। नुकीली गिट्टिया सड़को से झांक रही है जिससे दोपहिया वाहन खराब हो रहे है। वही, बिना रायल्टी पर्ची के रोजाना सैकड़ों की संख्या में रेत से भरे डम्पर निकलने से सरकार को राजस्व के नाम पर रोजाना लाखों रूपये का चुना लगा रहे है। जिसे शासन-प्रशासन के द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लवन नगर की सड़को पर रात-दिन ओवरलोड वाहन फर्राटा भर रहे है। इसके कारण नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। ओवरलोड वाहन न केवल सड़को को क्षतिग्रस्त कर रहे है बल्कि लोगों के जीवन के लिए भी खतरा बने है। सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है, साथ ही ग्रामीण अंचल की सड़कों के साथ-साथ नगर की सड़के भी जर्जर हो रही है। खास बात यह है कि मुख्य मार्ग पर पुलिस थाना होने के बावजूद बेखौफ होकर ओवरलोड वाहन निकल रहे है, जिस पर पुलिस प्रशासन को भी सख्ती बरतने की आवश्यकता है।