बलौदाबाजार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
फागूलाल रात्रे, लवन।
ग्राम पंचायत डमरू में आस्था ग्राम संगठन के तत्वाधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद भागवत महापुराण कथा में पूर्व संसदीय सचिव एवं कसडोल की पूर्व विधायक शकुंतला साहू सम्मिलित हुई। इस अवसर पर पूर्व विधायक द्वारा मंच पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत महापुराण की पूजा अर्चना की एवं व्यास पीठ में आसीन कथा वाचक पंडित प्रीतम पांडेय महराज को श्रीफल भेंट कर पुष्पहार पहनाया एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात उन्होंने भागवत कथा का रसपान किया। कथा वाचक ने श्री कृष्ण की बाल लीला एवं माखन चोरी की कथा सुनाया। कथा के माध्यम से महराज ने बताया कि श्री कृष्ण की बाल लीलाएं अत्यंत मनमोहक और प्रेरणादायक है। बचपन में वे गोकुल और वृंदावन में अपने मित्रो के साथ खेलते कूदते थे। उनकी माखन चोरी की लीला सबसे ज्यादा प्रसिद्ध है, जिसमें वे चुपके से घरों मे घुसकर माखन खा लेते और अपने सखाओं में बांट देते थे। गोपियां उनकी इस शरारत से कभी नाराज होती, तो कभी उनकी मासूम मुस्कान पर मोहित हो जाती। इन लीलाओं के माध्यम से श्री कृष्ण ने प्रेम, आनंद और सादगी का संदेश दिया, जो आज भी लोगों के हृदय में भक्ति और खुशी भरता है। इस अवसर पर पूर्व विधायक शकुंतला साहू ने भी संबोधित करते हुए कहा कि कथा सुनने से मन को शांति मिलती है आज श्री कृष्ण की बाललीला एवं माखन चोरी की कथा सुन मन मंत्र मुग्ध हो गया। प्रत्येक गांव एवं नगर में भागवत कथा का आयोजन होना चाहिए। उन्होंने भागवत महापुराण के आयोजन पर आस्था ग्राम संगठन एवं समस्त ग्रामवासी डमरू को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से टेकराम साहू पूर्व सोसायटी अध्यक्ष डमरू, श्रीमती प्रमिला साहू जनपद सदस्य, श्रीमती संध्या साहू उपसरपंच डमरू, श्रीमती माही साहू, रामलाल साहू, श्रीमति ऊषा साहू, श्रीमती राजिम पटवा, श्रीमति निर्मला साहू, श्रीमती कौशिल्या साहू, श्रीमति भगवती विश्वकर्मा एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।











