खरीदी बंद हुए 22 दिन बीते, लेकिन केन्द्रों से नहीं हो धान का उठाव
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
फागुलाल रात्रे, लवन।
रविवार की दोपहर 12 बजे से मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया है। इसके लिए मौसम विभाग ने एक एडवाइजरी भी जारी किया है कि 25 से 28 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ पानी गिर सकता है। कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावनाएं भी बताई गई है। लवन शाखा के 15 उपार्जन केन्द्रो में खरीदे गए धान का उठाव अभी भी नहीं हो सका है, जबकि खरीदी समाप्त हो 22 दिन बीत गए है। इसके बावजूद 15 उपार्जन केन्द्रो से 3 लाख क्वींटल धान का उठाव नहीं हो सका है। खरीदी केन्द्रो में क्षमता से अधिक धान जाम होने की वजह से खरीदी प्रभारियों की चिन्ता बढ़ गई है। उन्हें उपार्जित धान को कैसे रखना है, इसकी चिन्ता सता रही है। वही, अधिकांश खरीदी केन्द्रो में शेड चबुतरे की व्यवस्था नहीं है, उन्हें और भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। आपको बता दें कि लवन शाखा के 15 उपार्जन केन्द्रो में 7 लाख क्वींटल धान की खरीदी किया गया है। इनमें से 4 लाख क्वींटल धान का उठाव तो हो गया है, लेकिन 3 लाख क्वींटल धान का उठाव नहीं हो सका है। शेष 3 लाख क्वींटल धान खुले में पड़ा है, अगर तेज बारिश या ओले पड़ते है तो धान खराब होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। वही, अधिकतर समिति केन्द्रो में धान को ढकने के लिए तिरपाल तक की व्यवस्था नहीं है, वे मजबूरीवश पाॅलीथीन से ढके हुए है। समिति प्रभारियों ने शासन-प्रशासन से जल्द ही धान का उठाव करने की मांग किया गया है। वही, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले कई दिनों से समय-समय पर आसमान में अचानक बादल छा जा रहे है। रविवार 25 फरवरी को दोपहर 12 बजे से ही आसमान में घने बादल छाये हुए है। इन्ही बादलों के कारण आने वाले तीन-चार दिनों में बिजली चमकने, बारिश होने और ओले पड़ने की संभावना बन रही है जिससे तापमान में गिरावट से इंकार नहीं किया जा सकता है। बारिश होने पर एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। फिलहाल उत्तरी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट हो गई है। बारिश होने की स्थिति में तापमान में और भी अधिक गिरावट होने की संभावना है। यदि यह घने बादल बारिश में तब्दील होता है तो सब्जियों के साथ-साथ रवि की फसल जैसे गेहू, चना, सरसो को भी नुकसान पहुंचेगा। वही, यदि ओलावृष्टि होती है तो आम की फसल को भी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
क्या कहते है अहिल्दा के समिति प्रबंधक
इस वित्तीय वर्ष अहिल्दा सोसायटी में 48 हजार 266 क्वींटल धान की खरीदी किया गया। जिसमें 26 हजार 520 क्वींटल धान का उठाव हो चूका है। शेष 21 हजार 746 क्वींटल धान का उठाव होना बाकि है। शासन-प्रशासन के द्वारा उठाव की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से सुखत होने व बारिश होने पर धान खराब होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। क्यांकि आंधी तुफान में तिरपाल, पाॅलीथीन वगैरह फट जा रहा है। जिससे बारिश होने पर नुकसान होगा। वहीं, हमारी मांग है कि समितियों को 3 प्रतिशत छुट दिया जाये जिससे नुकसान की भरपाई किया जा सके।
मेष कुमार साहू, समिति प्रबंधक अहिल्दा
धान खरीदी नीति के अनुरूप अभी धान का उठाव हो जाना था। लेकिन खरीदी बंद होने के 22 दिन बाद भी परिवहन शुरू नहीं हुआ है। धान की कमी होने पर उसकी भरपाई समिति प्रबंधको से न वसूलकर भरपाई जिला विपणन अधिकारी एवं शासन-प्रशासन की होनी चाहिए।
रामकुमार साहू, जिला उपाध्यक्ष
सहकारी समिति कर्मचारी संघ