बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
अयोध्या धाम में 22 जनवरी को रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर लवन नगर सहित अंचल में सुबह से ही प्रभात फेरी निकलने का सिलसिला शुरू हो गया था। अंचल के ग्राम कोरदा, डोंगरा, मुण्डा, अहिल्दा, चिचिरदा सहित अनेको ग्रामो में राम भक्तों का उत्साह देखने को मिला। राम भक्तों ने अपने-अपने स्तर पर जिससे जो संभव हुआ वह आयोजन कर भगवान राम की प्रति अपनी आस्था प्रकट की। 500 साल के संघर्ष के बाद रामलला आज भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हो गया। इस बात की सभी को खुशी है और लोगो ने काफी बढ़ चढ़कर उत्साह के साथ मंदिरों में भजन कीर्तन हनुमान चालीसा भण्डारे का आयोजन किया गया। लवन में सुबह से प्रभात फेरी प्रारंभ हुई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चे एवं युवा शामिल हुए। वही, लवन नगर के गणमान्य नागरिको सहित जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। नगर में द्वार द्वार पर राम दरबार की आरती उतारी गई। पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया गया। रामभक्तों के द्वारा जगह-जगह पर प्रसाद वितरण किया गया। वही, हर घर में दिये जलाकर उत्सव मनाया गया। युवाओं और बच्चों ने फटाखे भी फोड़े। प्राण प्रतिष्ठा पर सभी जगहों पर भक्तिमय माहौल बना रहा।