भागवत कथा में रूक्मिणी विवाह की झांकी ने मोहा मन
बलौदाबाज़ार,
फागूलाल रात्रे, लवन।
लवन नगर के मेन रोड किनारे स्थित सुनाराम साहू (खुशरू मण्डल) के यहां चल रहे कथा वाचक डॉ. प्रेमनारायण शर्मा के सानिध्य में संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के छठवे दिन कथा वाचक डॉ. शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण व रूक्मिणी विवाह, कंस वध, कथा का वर्णन किया। कथा वाचक ने कहा कि जब रूक्मिणी विवाह योग्य हुई तो उनके पिता भीष्मक को उनके विवाह की चिन्ता हुई। लोग रूक्मिणी के पास आते तथा कृष्ण की प्रशंसा करते। रूक्मिणी ने निश्चय किया कि वह विवाह करेंगे तो श्रीकृष्ण से ही करेंगी। रूखमणी का भाई को यह बात मंजूर नहीं थी, क्योंकि वह श्रीकृष्ण से बैर रखता था। वह उनका विवाह शिशुपाल से कराना चाहता था।
कथा वाचक प्रेमनारायण शर्मा ने आगे कहा कि रूखमणी ने यह संदेश एक ब्राम्हण के माध्यम से द्वारका में भगवान कृष्ण को भेजा व उनसे विवाह की इच्छा जाहिर की। संदेश पाकर कृष्ण कुंडनीपुर की तरफ चल दिए। रूक्मिणी जैसे ही गिरिजा मंदिर पहुंची, कृष्ण ने उन्हें अपने रथ पर सवार कर लिया। यदुवंशियों ने उन्हें रोककर युद्ध किया। शिशुपाल पराजित होे गए। बाद में द्वारका जाकर कृष्ण ने रूक्मिणी से विवाह किया। कथा के दौरान मटका फोड़ व विवाह प्रसंग की झांकी प्रस्तुत की गई तो सभी श्रद्धालु अपने-अपने स्थान में खड़े होकर देखते ही रह गए। कथा के दौरान कंस वध की कथा का भी वर्णन किया गया। कथा को श्रवण करने लवन नगर के श्रोता सहित आसपास के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे है। कथा के छठवे दिन क्षेत्रीय विधायक संदीप साहू पहुंचे हुए थे। उन्होंने कथा वाचक डॉ. प्रेमनारायण शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर संदीप साहू ने कहा कि कथा सुनने से मन को शांति मिलती है। प्रत्येक गांव में कथा का आयोजन होना चाहिए। साथ में इसका श्रवण अपने जीवन में करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक कार्य समय-समय पर होते रहने चाहिए, इससे युवाओं और बच्चों को अपनी संस्कृति के बारे में पता चलता रहता है। युवाओं को भगवान श्रीकृष्ण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके बताए मार्ग पर चलकर लोग राष्ट्र निर्माण का कार्य करें। इस दौरान विधायक संदीप साहु, परमेश्वर यदु, देवीलाल बार्वे, पार्षद मृत्युंजय पाण्डेय, सतीश पाण्डेय, मृत्युंजय वर्मा, कोमल वर्मा, धनकुमार औधेलिया, मुरारी साहू सहित कांग्रेस के कार्यकर्तागण मौजूद रहे।