68 किसानों से 17 सौ 25 क्वींटल धान की हुई खरीदी
अधिकतर किसानों को चुनाव परिणाम का इंतजार, जिस वजह से 8 केन्द्रो में बोहनी नहीं
बलौदाबाज़ार,
फागूलाल रात्रे, लवन
वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए समर्थन मूल्य में धान की खरीदी प्रारंभ हुए 22 दिन बीत गए। इस वर्ष किसानों के द्वारा चुनाव होने की वजह से धान बेचने के लिए धान खरीदी केन्द्रो में नहीं पहुंच रहे है। हालांकि इस समय किसान धान कटाई मिंजाई करने में व्यस्त है। जिला सहकारी बैंक लवन, शाखा लवन के अन्तर्गत 15 उपार्जन केन्द्र आते है। इन 15 उपार्जन केन्द्रो में से 7 उपार्जन केन्द्रो में धान की खरीदी प्रारंभ हो चूकी है। कुछ किसान अपना धान समर्थन मूल्य में बेचने पहुंच रहे है।
गौरतलब हो कि इस वर्ष प्रदेश के साथ ही साथ बलौदाबाजार जिले में भी 1 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी प्रारंभ हो चूकी है। 22 दिनों के भीतर लवन शाखा के 7 उपार्जन केन्द्रो में 68 किसानों के द्वारा 17 सौ 25 क्वींटल धान की खरीदी शुरू की जा चूकी है। वही, 8 उपार्जन केन्द्रो में धान खरीदी की बोहनी का इंतजार है। लवन शाखा के डोंगरीडीह के उपार्जन केन्द्र में 355 क्वींटल, बरदा में 548 क्वींटल, कोहरौद 61 क्वींटल, धाराशिव 262 क्वींटल, अहिल्दा 119 क्वींटल, लवन 147 क्वींटल, भालूकोना 5 क्वींटल सहित कुल 37. 66 क्वींटल धान की खरीदी की जा चूकी है। खरीदी की गई किसानों से 12 लाख 76 हजार रूपये की अब तक ऋण की वसूली की जा चूकी है।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष 13021 किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य में धान बेचा गया था। इस वर्ष 13996 किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य में धान बेचा जायेगा। पिछले वर्ष के हिसाब से करीब 1 हजार किसानों की बढ़ोतरी हुई है। इन किसानों से 7 लाख 20 हजार 29 क्वींटल धान की खरीदी की जायेगी। राज्य सरकार के द्वारा जारी दिशा निर्देश के अनुसार इस वर्ष 20 क्वींटल के हिसाब से धान की खरीदी की जा रही है। गत वर्ष के हिसाब से इस वर्ष धान खरीदी का लक्ष्य काफी अधिक है। धान खरीदी का समय किसानों को केवल तीन माह का ही समय दिया जाता है, उनमें से 22 दिन बीत गये है। किसानों के पास महज 2 माह 8 दिन का समय ही शेष रह गया है। किसान इस बार चुनाव परिणाम का इंतजार कर रहे है। किसान इस बार भी उम्मीद लगा रहे है कि उनका कर्ज किसी तरह माफ हो जाये। बहरहाल यह तो चुनाव के परिणाम पर निर्भर करता है। वही, क्षेत्र के किसानों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खेतों में नमी बनी हुई है, इस वजह से धान की कटाई में देरी हो रही है। साथ ही मजदूर भी नहीं मिल रहे है, नमी होने की वजह से हार्वेस्टर भी नहीं पहुंच रहे है। खेतों में हार्वेस्टर मशीन पहुंचने पर धान की कटाई मिंजाई कार्य में निश्चित रूप से तेजी आयेगी। जिससे किसान समर्थन मूल्य में धान बेचने के लिए केन्द्रों में पहुंचेगे।
फसल की कटाई नहीं होने के कारण किसानों के द्वारा खरीदी केन्द्रो में बिक्री के लिए नहीं पहुंच रहे है। लवन शाखा के 15 उपार्जन केन्द्रो में से 7 उपार्जन केन्द्रो में खरीदी का शुभारंभ हो चूका है। पिछले वर्ष के हिसाब से इस वर्ष खरीदी का लक्ष्य बढ गया है, जिसके लिए व्यापक रूप से तैयारी भी कर ली गई है।
शिव साहू, शाखा प्रबंधक
जिला सहकारी बैंक, शाखा, लवन